रुद्रपुर | उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद में बहुचर्चित NCERT किताब फर्जीवाड़ा प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एडवोकेट प्रमोद मित्तल और श्री अग्रवाल सभा रुद्रपुर के अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
“राजेश जैन को झूठा फंसाया जा रहा है”
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को बताया कि इस मामले में नामजद राजेश जैन का किताबों के अवैध कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने केवल अपना गोदाम व्यावसायिक उद्देश्य के लिए किराए पर दिया था। ज्ञापन में कहा गया कि एनसीईआरटी द्वारा उन्हें इस प्रकरण में गलत तरीके से घसीटा जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मांग की कि मामले की गहराई से जांच कर वास्तविक तथ्यों और असली दोषियों को सामने लाया जाए ताकि किसी निर्दोष को सजा न मिले।
एसएसपी का आश्वासन
एसएसपी अजय गणपति ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की जांच पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता, महामंत्री अमित जैन, जैन सभा के अध्यक्ष जयभगवान जैन, ताराचंद अग्रवाल, खाटू श्याम मंदिर समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद अग्रवाल, विनीत जैन, नितेश गुप्ता, एडवोकेट मनीष मित्तल, संस्कार भारती के अध्यक्ष कुशल अग्रवाल सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)