पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के नेतृत्व में SOG और खेरागढ़ पुलिस का महा-ऑपरेशन
आगरा। उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नर (CP) दीपक कुमार के कुशल नेतृत्व में थाना खेरागढ़ पुलिस, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम ने एक संयुक्त और बेहद सटीक ऑपरेशन चलाकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीमों ने यूपी-राजस्थान के सैफऊ बॉर्डर के पास घेराबंदी करते हुए इस गिरोह के दो मुख्य तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया, जिनके पास से मौत का बड़ा सामान बरामद हुआ है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने एक दो नहीं, बल्कि पूरे 11 अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल और 21 जिंदा मैगजीन बरामद की हैं। इसके साथ ही तस्करों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, भारी मात्रा में कैश और अलग-अलग वाहनों पर इस्तेमाल होने वाली 4 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, यह गिरोह दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहकर अपराधियों को हाई-टेक हथियार सप्लाई करता था। पुलिस को चकमा देने के लिए ये लोग गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट्स का इस्तेमाल करते थे ताकि पकड़े न जा सकें।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि थाना खेरागढ़ क्षेत्र में हुई इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद अब इन आरोपियों के नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये ऑटोमेटिक पिस्टल कहाँ से बनकर आ रही थीं और इन्हें आगरा या राजस्थान के किन-किन बड़े गैंगस्टर्स को डिलीवर किया जाना था। इस सफल और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की पीठ थपथपाई जा रही है और सीपी दीपक कुमार ने टीम को पुरस्कृत करने की बात भी कही है।