​पीलीभीत। जनपद में होम्योपैथिक विभाग की अर्धवार्षिक गतिविधियों पर आधारित विभागीय पुस्तिका का भव्य विमोचन आज मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास द्वारा उनके कार्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीडीओ ने विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और नवाचारों की सराहना की।
​जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शर्मा ने विभागीय प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्ठा से विभाग निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। तुलनात्मक विवरण देते हुए उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में जहाँ लगभग 5.23 लाख रोगियों का उपचार किया गया था, वहीं वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 5.34 लाख तक पहुँच गई है। इसी प्रकार योग से लाभान्वित होने वाले लोगों की संख्या भी 1.64 लाख से बढ़कर 1.94 लाख हो गई है। विभाग द्वारा जनहित में 137 ‘आयुष आपके द्वार’ कैंप और 180 स्वास्थ्य संगोष्ठियों का सफल आयोजन किया गया, जिससे हजारों ग्रामीण लाभान्वित हुए।
​बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि अमरिया, जहानाबाद, सिंधौरा और भिखारीपुर में औषधालयों के भवन निर्माण हेतु भूमि प्राप्त कर उनका आगणन निदेशालय को भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त, इसी वर्ष मई माह में कनाकोर व गजरौला के लिए भी भूमि उपलब्ध हो गई है और जिला कार्यालय हेतु भी स्थान आवंटित हो चुका है। विभाग की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में, जनपद के 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में से 9 को प्रतिष्ठित एनएबीएच (नाभ ) प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुका है, जो उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की पुष्टि करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *