बनबसा/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी बनबसा के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत ट्रेड एवं ट्रांजिट रूट बनबसा पर नवनिर्मित सैनिक स्मारक एवं शहीद पार्क का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के सम्मान में शोक शस्त्र सेरेमनी और दो मिनट के मौन के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हाई मास्ट ध्वज का आरोहण किया। एसएसबी बैंड एवं बिगुल की धुन के साथ वंदे मातरम और राष्ट्रगान का गायन हुआ तथा एसएसबी जवानों ने सेरेमोनियल सलामी दी।

शहीद स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग और बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक एवं शहीद पार्क का निर्माण वीर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, देशसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और समर्पण की गौरवगाथा को सदैव जीवंत रखेगा। उन्होंने वीर शहीदों के बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका शौर्य और बलिदान सदैव अमर रहेगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार, एसएसबी पीलीभीत के उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव, 5वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम, द्वितीय कमान अधिकारी जसवीर सिंह, 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल सितारगंज के उप कमांडेंट दीपक सिंह जयाड़ा, पूर्णागिरी के उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और एसएसबी के जवान मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi