प्रतीकात्मक चित्र 

पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) की माला रेंज से सटे रिछोला फार्म क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों हाथियों द्वारा खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने का एक वीडियो सामने आया है, जिससे किसानों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ गई है।
स्थानीय किसानों के अनुसार माला रेंज के जंगलों से निकलकर हाथी लगातार रिछोला फार्म की कृषि भूमि में प्रवेश कर रहे हैं। रात के समय हाथियों का झुंड खेतों में घुसकर गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों को रौंद देता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान अपनी तैयार फसलों को बचाने के लिए कड़ाके की ठंड में पूरी रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
किसानों का कहना है कि हाथियों के झुंड के सामने उनकी मशालें और शोर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी कई बार वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों का कहना है कि मदद मांगने पर वन विभाग से कथित तौर पर जवाब मिला कि “हम क्या कर सकते हैं”, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
रविवार को रात में हुई फसल बर्बादी के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता और गुस्सा फैल गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हाथियों को खेतों में घुसकर फसलें नष्ट करते देखा जा सकता है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हाथियों को जंगल की ओर वापस भेजने और सोलर फेंसिंग अथवा खाई जैसी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो वे टाइगर रिजर्व कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *