पीलीभीत UP के सुप्रसिद्ध माधोटांडा स्थित गोमती उद्गम तीर्थ स्थल के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने इस पवित्र स्थल के कायाकल्प हेतु ५६.८८ करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद क्षेत्र के गोमती भक्तों और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। परियोजना की इस बड़ी उपलब्धि के लिए श्रद्धालुओं ने पीलीभीत के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।
इस महत्वपूर्ण घोषणा की खुशी में तीर्थ स्थल पर भारी संख्या में भक्त एकत्र हुए, जहाँ उन्होंने मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर कुँवर निर्भय सिंह, योगेश्वर सिंह, श्रीराम कश्यप, डालचंद, शिवम राठौर, शिव कुमार भारती, गोविंद, बलराम गुप्ता, महिपाल सिंह, शक्ति, राजूराम, अरविंद, विपिन कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ५६.८८ करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से न केवल गोमती उद्गम स्थल का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि यह क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और जल संरक्षण के प्रयासों को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।