​पीलीभीत। स्थानीय कृषि उत्पादन मंडी समिति में गेहूं के बाजार में अब तेजी के संकेत मिलने लगे हैं। बुधवार को मंडी में हुई खुली नीलामी के दौरान गेहूं के भाव में मजबूती देखी गई, जहां बाजार ₹2550 से लेकर ₹2634 प्रति कुंतल के स्तर तक पहुंच गया। बाजार में आए इस उछाल का मुख्य कारण मंडी में गेहूं की आवक में आई अचानक कमी को माना जा रहा है। बुधवार को मंडी में गेहूं की आवक घटकर मात्र 2200 कुंतल रह गई, जिसके चलते व्यापारियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ी और कीमतों को समर्थन मिला।
​नीलामी की यह पूरी प्रक्रिया मंडी सचिव प्रवीण अवस्थी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। इस दौरान मंडी प्रशासन की ओर से शशि कला गौतम, जहीर अहमद, प्रकाश द्विवेदी, प्रमोद सिंह और राजेंद्र सिंह सुमन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। आवक घटने का असर केवल खुले बाजार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव सरकारी खरीद केंद्रों पर भी दिखाई देने लगा है। खुले बाजार में अच्छे दाम मिलने और आवक कम होने के कारण अब सरकारी केंद्रों पर गेहूं बेचने वाले किसानों की संख्या में भी काफी कमी दर्ज की जा रही है। जानकारों का मानना है कि यदि आवक में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में गेहूं की कीमतों में और अधिक वृद्धि देखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *