पीलीभीत। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में संचालित इस प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन स्काउट और गाइड ने अपनी कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के टेंट निर्माण, भोजन बनाने की कला और दैनिक जीवन में उपयोगी वस्तुओं को बनाने का सजीव प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला मुख्यायुक्त एवं सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं उपाध्यक्ष रोशनी सिंह, बरेली मंडल की सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त नेहा कटियार और बिलसंडा के खंड शिक्षा अधिकारी ने संयुक्त रूप से शिविर का निरीक्षण कर बच्चों के कौशल की सराहना की।

प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा करते हुए शिविर में बेहतर प्रदर्शन करने वाली गुलाब, कमल और टोली को विशिष्ट स्थान प्रदान किया गया। व्यक्तिगत उपलब्धियों में जाग्रति को बेस्ट बुक, कुसुम और सोनम को बेस्ट गाइड तथा देव सिंह को बेस्ट स्काउट के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर ने कहा कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को स्काउट गाइड गतिविधियों में प्रतिभाग करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है बल्कि मानसिक विकास भी सुदृढ़ होता है।
वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने विश्वास दिलाया कि आगामी सत्र में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले अधिक से अधिक विद्यालयों में स्काउट गाइड की शिक्षा को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा ताकि बच्चों में अनुशासन और सेवा भाव जागृत हो सके।

इस महत्वपूर्ण शिविर का सफल संचालन जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे और आईटी कॉर्डिनेटर अभिषेक प्रजापति के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक स्काउट मास्टर वीर सिंह, गाइड कैप्टन परिणीता सिन्हा के साथ-साथ अजय पाल शर्मा, ओम प्रकाश, योगेश मौर्य, रिया रस्तोगी, क्षमा गुप्ता, श्रद्धा सिंह, शिखा, पलक, अनुष्का, मुस्कान और शिवानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समापन के अवसर पर वक्ताओं ने स्काउटिंग के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)