रुद्रपुर। शिव अरोरा के नेतृत्व में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सिडकुल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सिडकुल प्रशासन ने विभिन्न कंपनियों के बाहर लगे भारतीय मजदूर संघ के झंडों को हटाकर श्रमिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा “राष्ट्र प्रथम और श्रमिक हित” की विचारधारा के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत से उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, लेकिन सिडकुल प्रशासन द्वारा अपनाया गया रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कंपनियों के बाहर लगे छोटे पाइप पर लगे झंडों को हटाना समझ से परे है, जबकि कई कंपनियों द्वारा बड़े-बड़े बोर्ड और पार्किंग का उपयोग किया जा रहा है। विधायक ने इसे भारतीय मजदूर संघ के साथ दोहरा व्यवहार बताया।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि हटाए गए सभी झंडों को दोबारा अपने स्थान पर लगाया जाए और इस मामले का जल्द समाधान निकाला जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि समिति जल्द इस विषय का समाधान निकालेगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार हमेशा श्रमिक हित में कार्य करती रही है और श्रमिकों के सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष दीपेंद्र भट्ट, अजीत सिंह, गंगा सिंह, पंकज उपाध्याय, किशोर पंत, संतोष बिष्ट सहित कई श्रमिक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *