​पीलीभीत। नगर के होटल मोती महल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत पीलीभीत सदर और बरखेड़ा विधानसभा का संयुक्त मंडल प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। सात महत्वपूर्ण सत्रों में चले इस प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत और बरखेड़ा चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, और आज का वर्ग उन कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रूप से रखा गया जो पूर्व में किन्हीं कारणों से अनुपस्थित रहे थे।
​प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने सरकार और संगठन के आपसी तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘चरैवेति-चरैवेति’ के सिद्धांत पर कार्य करता है। बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं—जैसे आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला और आवास योजना—ने जनता का विश्वास जीता है। पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत ने जनसंघ से लेकर वर्तमान तक की भाजपा की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला और इस सफलता का श्रेय निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दिया।


​जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरुभाग सिंह ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारी विचारधारा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष में समाहित है। हम सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए राजनीति करते हैं। कार्यक्रम में दीपक अग्रवाल, मंगली प्रसाद वर्मा, अनुराग अग्निहोत्री, विकास श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ईंधन बचत का संदेश लेकर ई-रिक्शा से पहुंचे जिलाध्यक्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण के आह्वान को पीलीभीत भाजपा ने व्यावहारिक रूप में अपनाया है। इसी मुहिम के तहत जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य अपनी सरकारी या निजी गाड़ी छोड़कर ई-रिक्शा से प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का केंद्र रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *