सितारगंज। कोतवाली पुलिस की सक्रियता और बेहतरीन पुलिसिंग का एक और उदाहरण सामने आया है। कोतवाल सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी हुआ मोबाइल फोन मध्य प्रदेश से बरामद कर पीड़ित को वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी।
बताते चलें कि वार्ड नंबर 2 निवासी विजय कुमार ने 10 फरवरी को उसके फोन चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल सुंदरम शर्मा ने पुलिस टीम को फोन की तलाश में लगाया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार प्रयासों के जरिए 16 मार्च को मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। जांच के दौरान फोन मध्य प्रदेश में होने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने समन्वय बनाते हुए कार्रवाई कर मोबाइल बरामद कर लिया।
वहीं, शुक्रवार को कोतवाली परिसर में पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन पीड़ित को सुपुर्द किया। अपना मोबाइल वापस पाकर पीड़ित ने कोतवाल सुंदरम शर्मा और पुलिस टीम का आभार जताया।
कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *