पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रोशनी सिंह ने मंगलवार को मरौरी ब्लॉक के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागीय योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में सुबह साढ़े आठ बजे तक सहायक अध्यापिका पूजा कुमारी, अर्चना गंगवार और शिक्षामित्र रेनू शर्मा के न पहुंचने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन रोक दिया। इसके साथ ही, विद्यालय में व्यापक गंदगी मिलने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक की फटकार लगाई और परिसर व शौचालय को साफ-सुथरा रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के इसी क्रम में जूनियर हाई स्कूल मोहनपुर और कंपोजिट स्कूल देवीपुरा में भी शौचालय गंदे मिलने तथा व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त पाए जाने पर बीएसए ने दोनों प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं, प्राथमिक स्कूल गुर्ज गोटिया के मैदान में व्यापक गंदगी पाए जाने पर शिक्षण स्टाफ को स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी गई, जहाँ की प्रधानाध्यापिका अवकाश पर थीं। दूसरी ओर, प्राइमरी स्कूल घेरा रिछोला के निरीक्षण में व्यवस्थाएं काफी बेहतर पाई गईं; दो शिक्षिकाएं छुट्टी पर थीं, जबकि शिक्षामित्र हेमवती बच्चों को पढ़ाती मिलीं।

बीएसए ने शिक्षामित्र के कार्य की सराहना की और छात्र-छात्राओं के साथ ज़मीन पर बैठकर मिड-डे मील का स्वाद भी लिया, जिसकी गुणवत्ता संतोषजनक रही। बीएसए के इस औचक निरीक्षण की खबर से क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में हड़कंप का माहौल बना रहा। इस दौरान उन्होंने सभी शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की डिजिटल अटेंडेंस दर्ज करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि ऐसा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।