अमरिया PILIBHIT। जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रसूला फरदिया में स्थित राम लुभाया भारत गैस एजेंसी के एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार, कुछ दबंगों द्वारा बिना पूर्व बुकिंग के गैस सिलेंडर देने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसका नियमों का हवाला देकर विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारी पर हमला कर दिया। इस घटना में घायल कर्मचारी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले के अनुसार, बिशनपुर निवासी एजेंसी कर्मचारी रिषभ बिशनपुर फरदिया के मजरे में गैस सिलेंडरों का वितरण कर रहा था। इसी दौरान गांव फरदिया निवासी मोहम्मद सलीम ने बिना बुकिंग के सिलेंडर की मांग की। जब रिषभ ने नियमों का पालन करते हुए बिना बुकिंग सिलेंडर देने से मना किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया। आरोप है कि इसके बाद सलीम ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों—रफीक, रहीस, हनीफ और नन्हे बाबू—को मौके पर बुला लिया और सबने मिलकर रिषभ के साथ मारपीट की तथा उसे जान से मारने की धमकी दी।

घटना के संबंध में पीड़ित कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद सलीम सहित पांचों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। शनिवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)