पीलीभीत। जनपद में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सुपरवाइजर्स का एक महत्वपूर्ण अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से नए संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। संगठन की प्रांतीय महामंत्री शशिकांता की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में मरौरी की अनीता चौधरी को अध्यक्ष और रुबीना बी को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। पीलीभीत के विभागीय इतिहास में यह पहला अवसर है जब प्रांतीय पदाधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति में विधिवत रूप से इस संगठन का गठन किया गया है।
​अधिवेशन के दौरान संगठन को सशक्त बनाने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने पर विशेष बल दिया गया। नवनियुक्त कार्यकारिणी में सुनीता देवी एवं दीपमाला को उपाध्यक्ष, रेखा देवी को कोषाध्यक्ष, कंचन वर्मा को संगठन मंत्री, दीक्षा पांडे को संप्रेक्षक, मूर्ति देवी को संयुक्त सचिव, अंजू गौतम को मीडिया प्रभारी तथा ममता देवी को सह मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रांतीय महामंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मीना कुमारी, देवी, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
​अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्रांतीय महामंत्री ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु तत्पर रहें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों को अपने कार्यों के प्रति समर्पित रहने के साथ-साथ अपने अधिकारों के लिए भी जागरूक रहना होगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने प्रतिमाह अनिवार्य रूप से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सरिता चौधरी और बृजरानी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए एकता और संगठन की महत्ता पर प्रकाश डाला।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *