बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। टिकैत नगर थाना क्षेत्र के परसावल गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की बांके (धारदार हथियार) से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब कातिल युवक का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर अपने घर चला गया।
कहासुनी के बाद ‘सिर’ धड़ से अलग किया
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक गांव में आइसक्रीम बेचने का काम करता था। आरोपी शंकर यादव (50 वर्ष) के साथ उसकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। गुस्साए शंकर ने अचानक बांके से हमला कर दिया और सरेराह युवक का गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर दिया। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए।
घर पर खाना बना रहा था ‘नरपिशाच’ हत्यारा
हत्या के बाद आरोपी शंकर यादव मृतक का सिर उठाकर अपने घर की ओर चल दिया। सूचना मिलने पर जब पुलिस गांव पहुंची और हत्यारोपी के घर पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। आरोपी शंकर यादव बेखौफ होकर अपने घर में खाना बना रहा था और पास ही युवक का कटा हुआ सिर रखा था। पुलिस ने तत्काल उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
हत्यारोपी शंकर यादव गिरफ्तार
टिकैत नगर पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया बांका और कटा हुआ सिर बरामद कर लिया है। धड़ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक है या यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)