पीलीभीत। पीलीभीत के थाना घुंघचाई क्षेत्र में हुई अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। ददौल कॉलोनी निवासी निरवैल सिंह (35) को आरोपियों ने इंजन का सामान देने के बहाने दिलावरपुर भट्टे के पास बुलाया और वहां से मारपीट कर महिन्द्रा थार कार में जबरन बैठाकर फरार हो गए। निरवैल की मां रंजीत कौर की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से अपहृत की लोकेशन शाहजहांपुर के थाना खुटार क्षेत्र में ट्रेस की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और युवक को सकुशल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अपहरण की इस साजिश के पीछे का कारण निजी रंजिश और छेड़खानी का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी अमरजीत सिंह निवासी खजुरिया और गौरा गिल निवासी खुटार ने बताया कि अमरजीत की बहन ने हाल ही में एक बुटीक सेंटर खोला था। निरवैल सिंह सोशल मीडिया से नंबर लेकर उसकी बहन को फोन कर परेशान कर रहा था, जिससे नाराज होकर उन्होंने सबक सिखाने के लिए अपहरण की योजना बनाई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार कार (उप्र 27 बीएस 6285) को कब्जे में ले लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। घुंघचाई पुलिस की इस त्वरित कामयाबी की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)