बरेली | उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद से धोखाधड़ी, यौन शोषण और जबरन धार्मिक रीति-रिवाज थोपने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर युवक ने अपना असली धर्म और वैवाहिक स्थिति छिपाकर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया और उसका शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती को मज़ार पर ले जाकर जबरन कलमा पढ़वाया और नमाज़ भी अदा कराई। आरोपी के चंगुल से छूटकर भागी पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
शादीशुदा और दो बच्चों का बाप निकला प्रेमी अरबाज
जानकारी के अनुसार, पीड़िता बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाल नकटिया इलाके की निवासी है। पीड़िता ने एसएसपी को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी अरबाज ने शुरुआत में अपनी असली पहचान छिपाई और खुद को कुंवारा बताकर उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। काफी समय तक शादी का झांसा देकर वह उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में जब पीड़िता को असलियत पता चली, तो वह दंग रह गई; आरोपी अरबाज पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।
मज़ार पर ले जाकर जबरन पढ़वाया कलमा और नमाज़
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो अरबाज उसे एक धार्मिक स्थल (मज़ार) पर लेकर गया। वहाँ उसने पीड़िता के सामने शर्त रखी कि शादी करने से पहले उसे अपना धर्म बदलना होगा। आरोपी ने धोखे और दबाव के दम पर मज़ार के भीतर युवती से कलमा पढ़वाया और जबरन नमाज़ पढ़वाई। इस जबरन धर्मांतरण के प्रयास के बाद भी जब आरोपी ने निकाह नहीं किया और प्रताड़ना जारी रखी, तो पीड़िता किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर भागने में सफल रही।
अश्लील वीडियो वायरल करने की दे रहा धमकी
एसएसपी दफ्तर पहुंची पीड़िता ने एक और बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी अरबाज ने प्रताड़ना और शोषण के दौरान उसकी कुछ अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें चुपके से रिकॉर्ड कर ली थीं। अब जब पीड़िता उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है, तो आरोपी अरबाज उन अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल करने की सीधे तौर पर धमकी दे रहा है और जान से मारने की बात कह रहा है।
एसएसपी के निर्देश पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज
पीड़िता की इस दर्दनाक दास्तान को सुनने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है। एसएसपी ने मामले मेें आवश्यक कार्यवाही तथा जांच के आदेश दिए हैं।