बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक बेगुनाह बुजुर्ग महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जाटवपुरा टायर मंडी इलाके में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें पत्थर लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला मारुख बेगम की मौत हो गई। घटना के बाद से ही आरोपी पक्ष फरार है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अश्लील हरकत से शुरू हुई ‘खूनी रंजिश’
मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की जड़ एक पक्ष के युवक द्वारा की गई अश्लील हरकत और छींटाकशी बताई जा रही है। जब दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, तो बात गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गई। देखते ही देखते एक ही समुदाय के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और छतों से ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू हो गई।
पत्थर लगते ही फर्श पर गिरीं बुजुर्ग, अस्पताल में तोड़ा दम
पथराव के दौरान घर के बाहर मौजूद 65 वर्षीय मारुख बेगम के सिर में एक भारी पत्थर आकर लगा। पत्थर लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आनन-फानन में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहाँ रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की धरपकड़
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तनाव को देखते हुए मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस का बयान:
“अश्लील कमेंट को लेकर दो पक्षों में विवाद और पथराव हुआ है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की चोट लगने से मृत्यु हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)