पीलीभीत। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड इकाई बरखेड़ा में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी एवं नवमी तिथि अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। चीनी मिल परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन इकाई प्रमुख जितेंद्र सिंह जादौन ने सपरिवार विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की। इस दौरान पंडित विनय रतूड़ी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
नवरात्रि के प्रथम दिवस से लेकर समापन तक प्रतिदिन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सपरिवार पूजा-अर्चना की जाती रही, जिसका समापन भव्य हवन यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ में मिल के सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से आहुतियां देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

समापन अवसर पर आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान परंपरा अनुसार कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया और उन्हें उपहार व दक्षिणा प्रदान की गई। कॉलोनी की महिलाओं और बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया। हवन और पूजन के उपरांत उपस्थित सभी भक्तजनों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इकाई प्रमुख जितेंद्र सिंह जादौन ने इस अवसर पर सभी के कल्याण और मिल की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मिल प्रबंधन के विभिन्न अधिकारियों सहित भारी संख्या में श्रमिक और उनके परिवार जन उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)