सितारगंज। फेसबुक पर ड्राईफ्रूट्स का ऑनलाइन ऑर्डर करना सितारगंज निवासी एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने रिफंड का झांसा देकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसके बैंक खाते से 2,88,576 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर छह, भूमिया कॉलोनी निवासी दिकमोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने फेसबुक पर श्रीराम ड्राईफ्रूट्स नाम की आईडी देखी थी। इसके बाद उसने व्हाट्सऐप के जरिए ड्राईफ्रूट्स का ऑर्डर किया। ऑर्डर के भुगतान के लिए व्हाट्सऐप पर भेजे गए स्कैनर के माध्यम से उसने 1,050 रुपये का भुगतान कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, इसके करीब दो दिन बाद संबंधित व्यक्ति ने उसे व्हाट्सऐप कॉल किया। कॉल करने वाले ने बताया कि भारी मात्रा में ऑर्डर आने के कारण जीएसटी से संबंधित दिक्कत हो रही है। इसके बाद उसने रुपये वापस करने का भरोसा दिलाया।
रिफंड के नाम पर बातचीत के दौरान साइबर ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग तरीके से ट्रांजेक्शन कराए। 7 सितंबर से 16 सितंबर के बीच उसके बैंक खाते से कई बार में कुल 2,88,576 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप संपर्क और लेनदेन की जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।