कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों के सामान पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के खिलाफ जीआरपी (GRP) ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर ट्रांसजेंडर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रानी उर्फ रेनू के रूप में हुई है।
चेकिंग के दौरान धरी गई ‘रानी’
जीआरपी प्रभारी के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रही रानी उर्फ रेनू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
लाखों की नकदी और जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार ट्रांसजेंडर के पास से 2,12,609 रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और 3 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद किए गए कुल माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी रानी लंबे समय से ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों का सामान पार करने में माहिर थी।
जीआरपी का सख्त संदेश
सेंट्रल जीआरपी का कहना है कि यह गिरफ्तारी यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में क्या कोई और बड़ा गिरोह भी शामिल है।