नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज देश उन्हें नमन कर रहा है। इस मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाश्रा ने नई दिल्ली स्थित उनके समाधि स्थल ‘वीर भूमि’ पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गांधी परिवार के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने भी वीर भूमि पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए उनके योगदान और बलिदान को याद किया।

सूचना क्रांति के जनक को देश ने किया याद
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर देश के राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर सुबह से ही उन्हें याद किया जा रहा है। वीर भूमि पर आयोजित प्रार्थना सभा में कांग्रेस नेताओं ने उनकी दूरदर्शी सोच को रेखांकित किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि भारत को डिजिटल युग में ले जाने, पंचायती राज को मजबूत करने और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने जैसे ऐतिहासिक फैसले राजीव गांधी की ही देन थे।

राहुल और प्रियंका ने साझा की यादें
अपने पिता को याद करते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर भी भावुक संदेश साझा किए। राहुल गांधी ने उनके दिखाए सद्भाव और शांति के रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर, फल वितरण और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पूर्व प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *