पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के थाना पूरनपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गौकशी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी है। इसके साथ ही गौकशी की साजिश में शामिल एक महिला अभियुक्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि को अंजाम दी गई।
​घटनाक्रम के अनुसार, पूरनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भगवन्तापुर की ओर से गौकशी करने की नीयत से आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने भगवन्तापुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने जंगल के कच्चे रास्ते की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। खुद को घिरा देख अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त अकरम निवासी शेरपुर कला और कामिल उर्फ मुरादी निवासी साहूकारा घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पूरनपुर भेजा गया।
​पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इन अभियुक्तों ने बीती 6 फरवरी को ग्राम सुवाबोझ के जंगल में एक गौवंशीय पशु का वध किया था। इस घटना में इनके साथ नईम उर्फ मुन्ना और रेशमा पत्नी इस्लामुद्दीन भी शामिल थे। पुलिस ने रेशमा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से दो अवैध असलहे, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अकरम और कामिल शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय, एसओजी प्रभारी अजय पाल सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, मनोज कुमार यादव, राहुल कुमार, अनुज कुमार, महिला उपनिरीक्षक पिंकी यादव व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *