पीलीभीत। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने पूर्व घोषणा के तहत पूरनपुर खंड विकास कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को एक मांग पत्र सौंपा। प्रदर्शन से पहले माले कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक रोड पर बाकायदा एक जुलूस निकाला और सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भाकपा माले की राज्य कमेटी के सदस्य सईद खां ने प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पूरनपुर में सबसे खराब हालत ब्लॉक रोड की है, जो बारिश के मौसम में पूरी तरह तालाब का रूप ले लेती है और यहाँ आए दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इसी महत्वपूर्ण मार्ग पर ब्लॉक ऑफिस, सीओ ऑफिस और महिला अस्पताल जैसे प्रमुख कार्यालय स्थित हैं, लेकिन इसके बावजूद इन दफ्तरों के आस-पास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पूरे पूरनपुर देहात क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क और नाले का निर्माण नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में संगठन अनिश्चितकालीन धरना देने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले के ब्लॉक सचिव देवीदयाल ने भी स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विकास कार्य सिर्फ कागजों तक ही सीमित होकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर विकास की जमीनी हकीकत देखनी है, तो पूरनपुर देहात के हालात देख लिए जाएं। सिर्फ ब्लॉक रोड ही नहीं, बल्कि शेरपुर रेलवे फाटक से लेकर ढका तक रेलवे लाइन के किनारे गंदगी का साम्राज्य स्थापित है, जिससे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल गंदगी साफ करवाने और सड़क व नाले का निर्माण शुरू कराने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाकपा माले ब्लॉक कमेटी सदस्य रामपाल, इलियास खां, नरेश वर्मा, अफरोज आलम, इंकलाबी नौजवान सभा के नेता साहिल खां और हाजी अफसर खां सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।