​पीलीभीत। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने एक बार फिर शिक्षा जगत में जनपद का गौरव बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘एसोसिएशन सोशल इकोनॉमिक डेवलपमेंट स्टडीज’ के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में डॉ. शर्मा ने अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस उच्च स्तरीय सम्मेलन का उद्घाटन अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति प्रोफेसर एडीएन बाजपेयी द्वारा किया गया। कॉन्फ्रेंस में नेपाल, इथोपिया सहित देश-विदेश के जाने-माने शिक्षाविदों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सामाजिक और आर्थिक विषयों पर गहन मंथन किया।


​इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा के साथ महाविद्यालय के अन्य विद्वान डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित, डॉ. जय नारायण, डॉ. सोनू, राहुल मिश्रा और ऋषभ वाजपेयी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रोफेसर वीर बहादुर महतो (नेपाल), प्रोफेसर मनोज मिश्रा (इथोपिया), और बाबा भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ के पूर्व कुलपति प्रोफेसर एनएमपी वर्मा जैसे दिग्गजों ने भी अपने विचार साझा किए। इसके अलावा एसईसीएल छत्तीसगढ़ के जनरल मैनेजर डॉ. संजय कुमार सिंह और प्रोफेसर जय नारायण पांडे सहित कई वरिष्ठ शिक्षाविदों ने डॉ. शर्मा के शोध पत्र की सराहना की।
​सम्मेलन के दौरान ‘एसोसिएशन सोशल इकोनॉमिक डेवलपमेंट स्टडीज’ की जनरल बॉडी की बैठक में डॉ. सुधीर कुमार शर्मा को सर्वसम्मति से संस्था की कार्यकारी समिति (ईसी) का सदस्य नामित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था में इस महत्वपूर्ण पद पर मनोनयन होने से शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है। इस उपलब्धि पर उपस्थित सभी शिक्षाविदों और पीलीभीत के शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *