पीलीभीत। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कर्मियों की समस्याओं के समाधान हेतु आज पुलिस अधीक्षक पीलीभीत द्वारा पुलिस लाइन में ‘सैनिक सम्मेलन’ एवं ‘अपराध समीक्षा गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कर्मियों की जायज समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे तनावमुक्त होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
इसके पश्चात आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के संबंध में कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए विशेष रूप से गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के विरुद्ध कठोर अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन पर प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाए। साथ ही, बैठक में आगामी जनगणना-2027 की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को अभी से आवश्यक समन्वय स्थापित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित संवेदनशील मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने ITSSO पोर्टल पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने और जनशिकायतों (IGRS) के गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शासन और मुख्यालय से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, तकनीकी सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्रों के व्यापारियों व दुकानदारों से संवाद करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे 24 घंटे कार्यशील रहें। प्रमुख चौराहों और वित्तीय संस्थानों पर भी नए कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए।
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, वन एवं वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डीके, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नताशा गोयल सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।