पीलीभीत। गोस्वामीज़ मॉम्स प्राइड स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं गरिमापूर्ण हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों में मातृभाषा हिंदी के प्रति सम्मान जगाना और उनकी छिपी हुई रचनात्मक काव्य-प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करना था।


​कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या जया घोष ने मुख्य अतिथि डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री का हार्दिक स्वागत किया, जबकि स्कूल कोऑर्डिनेटर विष्णुप्रिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया। प्रबंधक निशांत गोस्वामी ने अतिथि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, तथा चेयरपर्सन डॉ. सोनिया गोस्वामी ने उन्हें शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
​समारोह में निर्णायक के रूप में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री का साहित्यिक मार्गदर्शन और निष्पक्ष मूल्यांकन पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। उन्होंने इस अनूठे आयोजन की सराहना करते हुए ‘हमारी हिंदी’ शीर्षक से अपनी रचना भी प्रस्तुत की। उन्होंने अपनी पंक्तियों—”अ से अज्ञानी को ज्ञ से ज्ञानी बनाती ऐसी वाणी है… हिंदी केवल भाषा नहीं, यह तो ज्ञान का विस्तार है”—के माध्यम से हिंदी के साहित्यिक एवं वैज्ञानिक महत्व को रेखांकित किया। डॉ. अग्निहोत्री ने विद्यालय प्रबंध तंत्र के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की प्रेरणा दी।


​काव्य प्रतियोगिता में अभिभावकों ने पूरे उत्साह और भावपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ काव्य-पाठ किया। प्रतियोगिता में फहीम शम्सी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹3,100 की पुरस्कार राशि जीती। भावना गंगवार एवं याशी चौहान ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए ₹2,100 का पुरस्कार जीता, जबकि अर्चना एवं पुष्पा ने तृतीय स्थान हासिल कर ₹1,100 का पुरस्कार अपने नाम किया।


​इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता में आरती सिंह, दिशा सक्सेना, अंजलि कौशल, सोनिका, संदीप, नेहा, ममता, और सुश्री शुभि शर्मा सहित कई अभिभावकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। विद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों की सराहना की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मियों और उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi