पीलीभीत। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो द्वारा पीलीभीत टाइगर रिजर्व को लेकर बाघों के शिकार का एक बेहद संवेदनशील अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में उत्तराखंड के राजाजी नेशनल पार्क में दो बाघों के शिकार किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस गंभीर घटनाक्रम के बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और वन्यजीवों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे रिजर्व क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए पेट्रोलिंग को तत्काल प्रभाव से बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
इस खतरे को देखते हुए पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाल ली है। उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले दोनों महत्वपूर्ण सब-डिवीजन—पूरनपुर और माला—के उपप्रभागीय वनाधिकारी को विशेष निगरानी बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, बाघों की सघन मौजूदगी वाले प्रमुख क्षेत्रों—माला, महोफ, बरही, हरिपुर और दियोंरिया रेंज—के सभी वन क्षेत्राधिकारियों (रेंजर्स) को अपने-अपने इलाकों में मुस्तैद रहने को कहा गया है। वनाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ स्टाफ के साथ जंगलों के संवेदनशील संवेदनशील रास्तों और सीमाओं पर चौबीसों घंटे सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें तथा निरंतर क्षेत्र में प्रभावी निगरानी बनाए रखें ताकि शिकारी तंत्र के किसी भी मंसूबे को समय रहते नाकाम किया जा सके।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)