पीलीभीत। जनपद के थाना गजरौला कला क्षेत्र के अंतर्गत विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिसिया कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ी है। ग्राम बैजूनागर निवासी पीड़ित रोहित कुमार और श्याम चरण का आरोप है कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच एक एजेंट ने उन्हें ऊंचे वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। इस रकम को जुटाने के लिए बेबस परिवारों को अपनी पुश्तैनी जमीन बेचनी पड़ी और घर की महिलाओं के जेवर तक गिरवी रखने पड़े। एजेंट की धोखाधड़ी यहीं नहीं रुकी; उसने पीड़ितों को पहले चेन्नई में रोके रखा और फिर झांसा देकर किर्गिस्तान भेज दिया, जहाँ उन्हें बंधक बनाकर अमानवीय परिस्थितियों में बिना किसी मेहनताने के जबरन मजदूरी कराई गई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।
​दिसंबर माह में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्वदेश लौटे इन युवकों ने अपनी आपबीती पुलिस अधीक्षक को बताते हुए एफआईआर दर्ज करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई थी, लेकिन विडंबना यह है कि तीन महीने बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कार्रवाई न होने से आरोपी एजेंट के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह अब पीड़ितों को फोन पर फर्जी मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की खुली धमकियां दे रहा है, जिससे पीड़ित परिवारों में दहशत का माहौल है। कर्ज के बोझ तले दबे इन ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपी पर हाथ नहीं डाला जा रहा है। अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में कोई अन्य गरीब परिवार इस तरह के ‘जालसाजी’ का शिकार न हो।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *