​​पीलीभीत। गांधी सभागार में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद की उन 24 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्हें वर्ष 2025 में ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत’ के रूप में चयनित किया गया है। इन सभी प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा और टीबी मुक्त पंचायत का आधिकारिक प्रमाण पत्र भेंट किया गया। कार्यक्रम में उन 5 ‘टीबी चैंपियनों’ को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने इस बीमारी को मात देकर पूरी तरह स्वस्थ होने का गौरव प्राप्त किया है।
​मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने सभी अतिथियों और ग्राम प्रधानों का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने निक्षय मित्रों के सहयोग से 10 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की और समाज के प्रति उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसी क्रम में उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा ‘विश्व क्षय रोग दिवस 24 मार्च 2026’ के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर पर 100 दिवसीय विशेष अभियान, ‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ और ‘टीबी मुक्त अर्बन वार्ड’ पहल का वर्चुअल शुभारंभ किया गया है।


​समारोह के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नवनियुक्त 100 दिवसीय अभियान और टीबी मुक्त अर्बन वार्ड पहल के प्रचार-प्रसार हेतु एमएमयू (MMU) वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर टीबी उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर चयनित ग्राम पंचायतों के प्रधानों के साथ-साथ टीबी चैंपियन, क्षय रोगी, जिला पंचायत राज अधिकारी के प्रतिनिधि, उप जिला क्षय रोग अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के एनईटीपी अनुभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *