पीलीभीत। जनपद की होनहार प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। इसी क्रम में जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी, दिल्ली के दीक्षांत समारोह में पीलीभीत की बेटी हनफिया मनाज़िर ने एम.फार्मा (M.Pharm) में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया है। हनफिया की इस गौरवमयी उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
हनफिया मनाज़िर जनपद के ब्लॉक क्षेत्र में कार्यरत प्राथमिक शिक्षक मियां मोहम्मद मनाज़िर की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और विषय के प्रति गहरी समझ के चलते यूनिवर्सिटी टॉप किया। इस विशेष उपलब्धि के लिए उन्हें भारत के माननीय उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति सूर्यकांत जी के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि के हाथों सम्मान पाकर हनफिया के चेहरे पर जहां संतोष और खुशी के भाव दिखे, वहीं पीलीभीत के लिए यह पल ऐतिहासिक बन गया।
बेटी की इस शानदार सफलता पर पूरे परिवार और शुभचिंतकों के बीच खुशी की लहर है। पिता मियां मोहम्मद मनाज़िर ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि हनफिया बचपन से ही पढ़ाई में बहुत कुशाग्र और अनुशासित रही है। उसने अपनी प्रतिभा के दम पर आज यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के रूप में उनके लिए यह अत्यंत गर्व की बात है कि उनकी बेटी ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले का मान बढ़ाया है। हनफिया की इस सफलता पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)