रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा पद्म पुरस्कार-2027 हेतु नामांकन/सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं। पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री देश के सर्वाेच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो वर्ष 1954 से प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि में विशिष्ट एवं असाधारण उपलब्धि तथा उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in   पर ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है तथा नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त आवेदनों/प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा। केवल पोर्टल के माध्यम से प्राप्त नामांकन ही मान्य होंगे।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ऐसे प्रतिभाशाली, समर्पित एवं योग्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाए, जिन्होंने समाज, राष्ट्र एवं अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, दिव्यांगजन, कमजोर वर्गों तथा समाज के वंचित वर्गों से जुड़े ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके नाम प्रस्तावित किए जाएं, ताकि वास्तविक रूप से पात्र व्यक्तियों को यह सम्मान प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी श्री भदौरिया ने बताया कि नामांकन करते समय संबंधित व्यक्ति की आजीवन उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्यों, सार्वजनिक सेवा की भावना तथा समाज पर पड़े सकारात्मक प्रभाव को प्रमुखता से देखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पद्म पुरस्कार हेतु चयन का आधार केवल उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि Excellence Plus अर्थात समाज के प्रति विशिष्ट योगदान भी होना चाहिए। ऐसे व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनका कार्य जनहित में प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय रहा हो।
उन्होंने समस्त विभागाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा जनसामान्य से अपील की कि जनपद के ऐसे योग्य एवं विशिष्ट व्यक्तियों की पहचान कर समयबद्ध रूप से उनके नाम नामांकन ऑनलाईन कराएं, ताकि जनपद से अधिकाधिक योग्य व्यक्तियों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए प्रस्तावित हो सके।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi