पीलीभीत | ग्रामीण विकास की गति को बनाए रखने के लिए पंचायत चुनावों का समय पर संपन्न होना अनिवार्य है। इसी मांग को लेकर मंगलवार को पूरनपुर ब्लॉक के ग्राम इटौरिया में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए तत्काल चुनाव कराए जाने पर जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला प्रभारी अफरोज आलम ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार पंचायत चुनावों को टालने का प्रयास कर रही है, जो ग्रामीण व्यवस्था के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मनरेगा कानून में बदलाव कर हजारों मजदूरों के जॉब कार्ड खत्म कर दिए हैं और गरीबों को आवास दिलाने का वादा भी अधूरा है। आलम ने आगे कहा कि सरकारी जमीनों पर वर्षों से आबाद गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर किया जा रहा है। इन जनविरोधी नीतियों के कारण सरकार में हार का डर व्याप्त है, जिसके चलते आगामी विधानसभा चुनावों में संभावित नुकसान से बचने के लिए पंचायत चुनावों को पीछे धकेला जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराए गए, तो भाकपा माले ग्रामीण जनता को लामबंद कर एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी। इस बैठक में मुख्य रूप से जिला कमेटी सदस्य रामचंद्र वर्मा, ताराचंद, पुत्तूलाल वर्मा, प्रेमचंद वर्मा, बुद्धसेन, देवेंद्र कुमार और बीरबल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)