​पीलीभीत। देश की शिक्षा व्यवस्था और करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़े कथित नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर छात्र कांग्रेस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आज गैस चौराहा स्थित मुख्य बाजार में छात्र कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और वर्तमान परीक्षा प्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
​प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा और संदीप गंगवार ने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल नीट के पेपर लीक ने भ्रष्ट तंत्र और सरकारी लापरवाही की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों ने युवाओं की दिन-रात की मेहनत पर पानी फेर दिया है। युवा नेता हेमंत कुमार गैरोला ने इसे छात्रों के सपनों का सौदा बताते हुए मांग की कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के दोषी अधिकारियों को तत्काल हटाया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
​कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शिक्षा माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए, तो छात्र और युवा सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन तेज करेंगे। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष कमलेश लोधी, प्रदीप मौर्या, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद सूरज, कामरान, सचिन, इकबाल अहमद, भुवनेश लोधी, मुन्नी, और श्री कृष्णा गंगवार सहित बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *