पीलीभीत। जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और शूटिंग (निशानेबाजी) के प्रति युवाओं में उत्साह जगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने जिले में एक बड़ी शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना पर चर्चा करने के लिए अपने कार्यालय में उच्चाधिकारियों और राइफल संघ के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर और जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में जल्द ही एक खुली शूटिंग स्पर्धा की रूपरेखा तैयार की जाए।
​इस प्रस्तावित प्रतियोगिता की खासियत यह होगी कि इसमें महिला, पुरुष, बालक और बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियां रखी जाएंगी। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि इस आयोजन में स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ-साथ सीनियर सिटीजन और पेशेवर निशानेबाजों को भी शामिल किया जाए ताकि समाज के हर वर्ग को इस खेल से जुड़ने का मौका मिले। बैठक में मुख्य रूप से .22 बोर राइफल, .32 बोर रिवॉल्वर व पिस्टल, 12 बोर ट्रैप शूटिंग और एयर पिस्टल व एयर राइफल की स्पर्धाएं आयोजित कराने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
​बैठक में ट्रैप शूटर व राइफल संघ के सदस्य अजय सिंह, सैफूल इस्लाम, मो. सलीम, रियाज अहमद, सिद्धार्थ शुक्ला, मो. हसन, महेंद्र सरीन और फिरोज अहमद जैसे खेल प्रेमी व विशेषज्ञ मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट और क्रीड़ा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आयोजन स्थल और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करें। इस पहल से पीलीभीत के उभरते हुए निशानेबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक शानदार मंच मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *