नानकमत्ता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 55.02 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त i20 कार संख्या UK06BG-8090 भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक नानकमत्ता संजय पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रतापपुर पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2026 को क्षेत्र में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निशान सिंह (54) पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह निवासी ग्राम मिलकमाफी, कोतवाली नानकमत्ता, ऊधमसिंहनगर और गुरुचरन सिंह (30) पुत्र बलजीत सिंह निवासी ग्राम गौनसवाल, पोस्ट अमरवाल, थाना मेदपुर, तहसील नकोदर, जिला जालंधर, पंजाब, हाल निवासी कच्ची खमरिया, कोतवाली नानकमत्ता के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, निशान सिंह के कब्जे से प्लास्टिक की पारदर्शी पन्नी में कुल 36 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 35.37 ग्राम बताया गया है। वहीं गुरुचरन सिंह के कब्जे से 20.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 19.65 ग्राम बताया गया है। दोनों से बरामद स्मैक का कुल शुद्ध वजन 55.02 ग्राम है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में FIR संख्या 210/26, धारा 8/21/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नानकमत्ता क्षेत्र में स्मैक और हेरोइन की तस्करी एवं बिक्री करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, कांस्टेबल गिरीश चंद्र और कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।