सितारगंज के नयागांव में पीलिया संक्रमण की रोकथाम और बीमारी की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में 82 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 64 लोगों के रक्त नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. चित्रा पाण्डेय, डॉ. इरफान, सीएमओ करुणा, महिमा तथा लैब तकनीशियन बंटी शामिल रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर के दौरान लोगों को पीलिया से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। जांच के दौरान एक व्यक्ति में पीलिया के लक्षण पाए गए। उसका बिलीरुबिन स्तर लगभग 5 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर मिलने पर उसे बेहतर उपचार और विशेषज्ञ सलाह के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सक्रिय केस खोज अभियान, घर-घर सर्वेक्षण, संदिग्ध मरीजों की पहचान, सैंपलिंग, जल स्रोतों की निगरानी, क्लोरीनेशन और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें प्रतिदिन गांव का भ्रमण कर संभावित मरीजों की पहचान कर रही हैं और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *