पीलीभीत। जनपद के थाना गजरौला क्षेत्र अंतर्गत माधोटांडा रोड पर स्थित देवीपुरा गांव के पास देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह जल गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। आग इतनी भयावह थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, दुकानों में रखा अधिकांश कीमती सामान खाक हो चुका था।
प्राप्त विवरण के अनुसार, आग की इस घटना में ‘बालाजी ऑटो सर्विस’ को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है। दुकान मालिक प्रोसेनजीत चौधरी ने बताया कि उन्होंने प्रतिदिन की भांति शाम को अपनी दुकान ठीक से बंद की थी, लेकिन सुबह करीब 6 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। प्रोसेनजीत के अनुसार, उनकी दुकान में रखा स्पेयर पार्ट्स, मशीनरी और अन्य उपकरणों सहित लगभग 2 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया है। इसके साथ ही पास की दो अन्य दुकानों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां भी भारी नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे रिहायशी इलाके में फैलने से रोका। हालांकि, अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में गजरौला थाने में तहरीर देकर मामले की जानकारी दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)