​पूरनपुर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता को प्रताड़ित करने, बेरहमी से मारपीट करने और तीन दिनों तक कमरे में बंद रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने पूरनपुर कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, थाना घुंघचाई क्षेत्र के गांव बिलंदपुर अशोक निवासी पीड़िता वर्षा पुत्री नेवराम का विवाह बीते 5 मई 2026 को कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के गांव शिवपुरिया निवासी मन सिंह के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और देवर एक लाख रुपये नकद और सोने की चेन की अतिरिक्त मांग को लेकर ताने देने लगे। जब पीड़िता के मायके वालों ने आर्थिक तंगी का हवाला दिया, तो ससुरालियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
​आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे तीन दिनों तक एक कमरे में बंद रखा, जहाँ उसे भोजन और पानी तक नहीं दिया गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। इसके बाद 22 जुलाई को आरोपियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से बेदखल कर दिया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जेल भेजने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi