पूरनपुर (पीलीभीत)। दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र से सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने से नाराज ससुरालियों ने एक विवाहिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद घायल अवस्था में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसकी सास रिहाना और देवर आदिल उर्फ मीनू ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ डॉ. प्रतीक दहिया पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पीड़िता ने स्पष्ट रूप से ससुराल पक्ष पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।
कोतवाल पवन पांडे के अनुसार पीड़िता की तहरीर और बयान के आधार पर पति फिरोज खान, सास रिहाना, ससुर महम्मद खान, देवर आदिल उर्फ मीनू, अफरोज खान और ननद नसीरीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देकर लगातार प्रताड़ित करते थे। वे मोटरसाइकिल और सोने के जेवरात की मांग कर रहे थे, मांग पूरी न होने पर मारपीट भी की जाती थी।
इस घटना ने एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक बुराई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।