रुद्रपुर/ऋषिकेश (उत्तराखंड)। उत्तराखंड में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एसटीएफ (STF) और साइबर क्राइम पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने ऋषिकेश के एक बुजुर्ग दंपती को दो महीने तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर उनसे 69 लाख रुपये हड़प लिए। बरेली निवासी इस आरोपी को रुद्रपुर से दबोचा गया है, जिसके पास से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल और डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं।

60 दिनों तक खौफ के साये में रहा दंपती

पीड़ित भगवत नारायण झा (81) और उनकी पत्नी कमल झा (74) ने बताया कि यह डरावना खेल 17 नवंबर 2025 को एक अनजान कॉल से शुरू हुआ। ठगों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED), साइबर सेल और सुप्रीम कोर्ट का अधिकारी बताकर बुजुर्गों को डराया कि उनका आधार कार्ड 10 करोड़ के अवैध लेन-देन में इस्तेमाल हुआ है। गिरफ्तारी और संपत्ति कुर्की की धमकी देकर उन्हें व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए 24 घंटे निगरानी में रखा गया।

जमीन और गहने तक बिकवा दिए

ठगों के मानसिक दबाव में आकर बुजुर्ग दंपती ने अपनी जीवन भर की जमापूंजी और यहाँ तक कि अपनी एकमात्र जमीन व संपत्ति बेचकर अलग-अलग खातों में कुल 69 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठग उन्हें किसी से बात करने या फोन काटने तक की अनुमति नहीं देते थे।

फर्जी फर्म के नाम पर खुला था बैंक खाता

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी भगवत सरन (निवासी बरेली) ने लालकुआं स्थित एक्सिस बैंक में “रुद्रा टेलीकॉम” के नाम से एक फर्जी खाता खुलवाया था।

  • NCARP पोर्टल पर इस खाते के खिलाफ पहले से ही 30 शिकायतें दर्ज हैं।
  • बुजुर्ग दंपती से ठगे गए 69 लाख में से 6 लाख रुपये इसी खाते में भेजे गए थे।
  • आरोपी फर्जी जमानत पत्र और रसीदें बनाकर लोगों को झांसे में लेता था।

एसटीएफ की बड़ी कामयाबी

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर निरीक्षक अनिल कुमार की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश में दबिश दे रही है।

‘आधुनिक दुनिया’ की सावधान अपील:

याद रखें, कोई भी सरकारी एजेंसी (CBI, ED, Police) वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ नहीं करती और न ही पैसे की मांग करती है। ऐसे किसी भी कॉल आने पर तुरंत 1930 डायल करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।


आधुनिक दुनिया: खबर वही, जो सच के करीब।

उत्तराखंड और साइबर अपराध से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *