पीलीभीत। परिषदीय स्कूलों में टीईटी (TET) की अनिवार्यता के विरोध में जिले के शिक्षकों ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। अपनी मांगों को लेकर एकजुट हुए शिक्षक आगामी 4 अप्रैल को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विशाल प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। दिल्ली कूच की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग के बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में जनपद के शिक्षक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस रणनीति बैठक में शिक्षक नेताओं ने हुंकार भरते हुए दावा किया कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक बस के जरिए भारी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं दिल्ली पहुंचेंगे।
बैठक के दौरान शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने दो-टूक कहा कि वे अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं। इस चर्चा में मुख्य रूप से शिक्षक नेता भद्रपाल सिंह, मुकेश अवस्थी, दयाशंकर गंगवार और उमेश गंगवार ने आंदोलन की रूपरेखा साझा की। साथ ही बैठक में लाल करन, देवेंद्र कन्हैया, बाबूराम गंगवार, सूर्य प्रकाश गंगवार, रामौतार गंगवार, संतोष गंगवार, विमल कुमार, अर्जुन गंगवार, संजय गंगवार, राजेश मिश्रा, मोहम्मद अकरम और केके रजक सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों की इस लामबंदी से विभाग और प्रशासन में हलचल तेज हो गई है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)