पीलीभीत। खेल और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से हॉकी एसोसिएशन द्वारा शनिवार को गांधी स्टेडियम में ‘सेविन साइड’ जिला स्तरीय अंडर-19 बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रोशनी सिंह ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए बीएसए ने कहा कि इन खिलाड़ियों में ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर जिले का नाम रोशन करने की अटूट क्षमता है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने भी शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहले मैच में गांधी स्टेडियम ने सिटी मोंटेसरी को 7-0 से, दूसरे में सनराइज स्कूल ने कंपोजिट स्कूल चंदौई को 4-1 से, तीसरे में स्वर्गीय सुरेश मेमोरियल पब्लिक स्कूल ने सर्वोदय इंटर कॉलेज को 3-1 से और चौथे मैच में एसपीएस ने जूनियर हाई स्कूल दियोरी को 3-1 से पराजित किया। सेमीफाइनल में सनराइज क्लब ने सुरेश मेमोरियल को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अंततः रोमांचक फाइनल मुकाबले में एस पी एस (SPS) स्कूल की टीम ने सनराइज क्लब को 2-1 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया।

समापन अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि बच्चों का प्रदर्शन उनकी शानदार प्रतिभा को दर्शाता है। इस दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मेराज हुसैन, एआर कोऑपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु और हॉकी संघ के संरक्षक डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए। आयोजन को सफल बनाने में हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार खींची, संयोजक दीपक सरकार, सचिव जयप्रकाश बघेल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, भाजपा जिला मंत्री पंकज तिवारी, सभासद रतना शुक्ला, रीना दीक्षित, सुनीता सिंह और जगदीश सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैच के निर्णायक मंडल में मुशीर अहमद, प्रमोद, सौरभ सिंह, पूजा कन्नौजिया और कीर्ति सोनकर शामिल रहे।