पीलीभीत। फसलों की औसत उपज और उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को विकासखण्ड मरौरी के ग्राम पंचायत चंदोई में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी की उपस्थिति में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा कृषक राजा तोमर और सुभाष चन्द्र के खेतों में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के समबाहु त्रिभुज के प्लॉट बनाकर ‘सीसीई एग्री ऐप’ के माध्यम से वैज्ञानिक पद्धति से फसल कटाई संपन्न कराई गई।
फसल कटाई के उपरांत गेहूं की पिटाई और तौल की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें दो अलग-अलग गाटों (प्लॉट) से क्रमशः 18.160 किलोग्राम और 15.230 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर सांख्यिकी अधिकारी से फसल की नपाई, कटाई और ऐप पर डेटा की ऑनलाइन फीडिंग से संबंधित तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। उन्होंने वहां मौजूद किसानों से संवाद करते हुए जोर दिया कि सभी कृषक अपनी जमीन की ‘फार्मर रजिस्ट्री’ अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही, उन्होंने फसलों के बीमा और किसान पंजीकरण पर भी बल दिया ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी प्रमोद सिंह, कानूनगो तेज बहादुर गंगवार, लेखपाल कृष्ण मुरारी सहित इफको टोकियो के जिला प्रतिनिधि महेन्द्र भारती, तहसील समन्वयक महेन्द्र वर्मा व अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)