पीलीभीत। जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंसोली में गौवंशीय पशु की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मंगलवार, 21 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:00 बजे सामने आई, जब ग्रामीणों ने राजू गुर्जर (पुत्र कांता प्रसाद) के गन्ने के खेत में गौवंश के अवशेष पड़े देखे। खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
मामले की सूचना मिलने पर गौरक्षा हिंदू दल के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कुमार (निवासी ग्राम बरातबोझ, जहानाबाद) संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर गौवंश के अवशेष मिलने की पुष्टि होने के बाद, हेमंत कुमार ने जहानाबाद थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात असामाजिक तत्वों एवं कसाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में उल्लेख किया है कि इस प्रकार की घटना से क्षेत्र के हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और जनता के बीच भय तथा भारी जन आक्रोश का माहौल बन गया है।