हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को अपने वश में करने के लिए जलती चिता से इंसानी खोपड़ी चोरी कर ली। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

शादी के लिए रचा ‘खूनी’ वशीकरण का खेल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपी अमान एक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती और उसके माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। अमान ने उन्हें रास्ते से हटाने के बजाय वश में करने की साजिश रची। इसके लिए उसने साधु के भेष में रहने वाले तांत्रिक अवधेश शर्मा से संपर्क किया। तांत्रिक ने दावा किया कि यदि वह श्मशान से जलती चिता की खोपड़ी ले आए, तो वह परिवार का ‘वशीकरण’ कर देगा।

श्मशान की घटना से मचा था हड़कंप
बीते दिनों एक किशोर के अंतिम संस्कार के दौरान चिता से सिर गायब होने की खबर से इलाके में तनाव फैल गया था। पुलिस ने जब सीसीटीवी और मुखबिरों का जाल बिछाया, तो अमान और उसके साथियों का नाम सामने आया। पुलिस ने घेराबंदी कर अमान, तांत्रिक अवधेश और एक नाबालिग साथी को दबोच लिया।

50 फोटो और तांत्रिक सामग्री बरामद
पुलिस को आरोपियों के पास से करीब 50 अलग-अलग महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें मिली हैं। अमान के मोबाइल से प्रेमिका और उसके माता-पिता की फोटो भी मिली हैं, जिन पर तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं। पुलिस अब उन अन्य 50 लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिनकी तस्वीरें आरोपियों के कब्जे से मिली हैं, ताकि पता चल सके कि क्या वे भी किसी साजिश का हिस्सा थे।

पुलिस का बयान
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तांत्रिक अवधेश शर्मा साधु के भेष में इस तरह के अवैध और अमानवीय कृत्य करवाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *