पीलीभीत। खुद को जमीन का मालिक बताकर एक ग्रामीण से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर न केवल नगद राशि हड़प ली, बल्कि बैंक खाते में भी रकम ट्रांसफर करवा ली। जमीन की रजिस्ट्री न करने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने के मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कड़े रुख के बाद पुलिस ने दंपति सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के रमनगरा निवासी पीड़ित निताई गाईन के अनुसार, रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी करन ढाली ने अमरिया तहसील के गांव बेला पोखरा में स्थित एक जमीन का सौदा उनसे किया था। आरोपी ने कूटरचित इकरारनामा दिखाकर विश्वास दिलाया कि उसने यह जमीन बलकार सिंह व हरजिंदर सिंह से खरीदी है। पीड़ित ने भरोसा करते हुए करीब 20 लाख रुपये उधार लेकर आरोपी को दे दिए, जिसमें से 3.50 लाख रुपये आरोपी की पत्नी शिल्पी सरकार के खाते में ट्रांसफर किए गए। सुरक्षा के तौर पर आरोपी ने उत्तराखंड के रुद्रपुर की एक बैंक का 20 लाख रुपये का चेक दिया था, जो बाद में बैंक में बाउंस हो गया।
जांच में खुलासा हुआ कि जिस जमीन का सौदा किया गया, वह करन ढाली की है ही नहीं। ठगी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में जान से मारने की धमकियां देने लगे। थक-हारकर पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी करन ढाली, उसकी पत्नी शिल्पी सरकार और प्रिया के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)