पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने जनपद में निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी फीस वसूली और गेहूं क्रय केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 25 अप्रैल से जिले में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से किताब-कॉपी, एडमिशन फीस, बिल्डिंग फीस और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, इस संबंध में वर्ष 2025 में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सहित संबंधित विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन का उदासीन रवैया आम जनता के हितों के खिलाफ है। वहीं, गेहूं खरीद को लेकर भी किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई क्रय केंद्रों पर अब तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है, जबकि अन्य केंद्रों पर बारदाने और बिजली की कमी का बहाना बनाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है।
भाकियू (चढूनी) ने प्रशासन से वर्ष 2025 में दिए गए ज्ञापनों पर अब तक हुई कार्रवाई और शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उठाए गए कदमों का स्पष्ट ब्यौरा मांगा है। संगठन ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि 24 अप्रैल तक समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो 25 अप्रैल से शुरू होने वाले किसी भी विवाद या आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष के साथ रणजीत सिंह, कहलो, जोगा सिंह, बलराम सिंह, जगविंदर सिंह, सोहन सिंह, सुखदेव सिंह, कांता प्रसाद, जुनैद खान और सुरेश शर्मा सहित संगठन के कई अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
किसान, शिक्षा और आपके हक से जुड़ी हर सटीक खबर के लिए जुड़े रहें हमारे न्यूज़ पोर्टल एवं पेज ‘आधुनिक दुनिया’ (Adhunik Duniya) के साथ। ✍️
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)