पूरनपुर (पीलीभीत)। पूरनपुर क्षेत्र के पिपरिया-दुलई-सुआबोझ मार्ग पर खेत किनारे गोवंश के अवशेष मिलने से शनिवार को इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, वहीं हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने की साजिश बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात मार्ग किनारे एक खेत के पास प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल और गो रक्षा दल के जिला प्रमुख ठाकुर शिवम सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों द्वारा क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने और धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करने के उद्देश्य से यह घटना की गई है।
शनिवार सुबह ठाकुर शिवम सिंह भदौरिया ने कहा कि गोवंश वध जैसी घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए मांग की कि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में गौ-तस्करी एवं वध पर रोक लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा हुई तो संगठन बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगा।
कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।