पीलीभीत। जनपद में आज ‘यूथ इन एक्शन’ के राष्ट्रीय संयोजक शतरुद्र प्रताप सिंह का प्रवास रहा, जहाँ उन्होंने अपनी आगामी ‘गोमती जीवन यात्रा’ को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें और प्रशासनिक मुलाकातें कीं। प्रवास के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी से भेंट कर यात्रा की विस्तृत रूपरेखा साझा की और इस पुनीत कार्य के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया। इसके पश्चात, शहर के एक स्थानीय रेस्तरां में पीलीभीत संयोजक अंशुमन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय संयोजक का भव्य स्वागत किया और यात्रा की सफलता हेतु रणनीति तैयार की। बैठक को संबोधित करते हुए शतरुद्र प्रताप सिंह ने चिंता व्यक्त की कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई नगरों की जीवनरेखा कही जाने वाली गोमती नदी आज अपना अस्तित्व खो रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गोमती की पुकार बनकर समाज में जागरूकता फैलाएगी और इसे अतिक्रमण व कचरे से मुक्त कराने का संकल्प सिद्ध करेगी।


​यह महत्वाकांक्षी यात्रा गोमती के उद्गम स्थल से प्रारंभ होकर गाजीपुर के कैथी घाट पर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले गांवों, नगरों, शिक्षण संस्थानों और तीर्थ क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, जनसंवाद, पौधारोपण और नदी संरक्षण गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। शतरुद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के माध्यम से नदी क्षेत्र के पुराने कुओं-तालाबों को रिचार्ज करने, वन्य क्षेत्रों को संरक्षित करने, घाटों को प्लास्टिक मुक्त बनाने और अधिक जल सोखने वाली फसलों पर प्रतिबंध लगाने जैसी मांगें जनसहभागिता के साथ सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। बैठक का संचालन संयोजक अंशुमन तिवारी ने किया, जिन्होंने जनपद के युवाओं, माताओं-बहनों और पर्यावरण प्रेमियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
​इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से यात्रा के सहसंयोजक आकाश पांडेय, प्रख्यात समाजसेवी सुखबीर सिंह भदौरिया, अकलीम अहमद मलिक, दिवाकर वर्मा, हिमांशू जैसवार, शिवम माथुर, ललित श्रीवास्तव, सचिन ठाकुर, अर्पित भटनागर, राम औतार वर्मा एवं गौरव पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *